झारखंड के लोहरदगा जिले में रामनवमी पर बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में एक की मौत हो गई। कई लोग घायल हो गए। इनमें से कुछ को बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक रामनवमी को लेकर शोभायात्रा निकाली गई थी। इसके राणा चौक के समीप पहुंचने पर शोभायात्रा के साथ डीजे लगा वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसके बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाकर भागने लगे।
श्रद्धालुओं के मुताबिक शोभायात्रा के पीछे-पीछे एक वाहन चल रहा था। इसमें डीजे लगा था। गेयर में ही वाहन का ड्राइवर बदल रहा था। इसी क्रम में वाहन जुलूस में शामिल लोगों को रौंदते हुए 10 मीटर तक चला गया। इसमें करीब डेढ़ दर्जन लोग घायल हो गए।
इस घटना में घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। तीन लोगों की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया। इसमें से एक की रास्ते में मौत हो गई। मृतक की पहचान सोनी कुमारी के रूप में हुई है।
रामनवमी जुलूस के दौरान हुए हादसे को लेकर जय श्रीराम समिति ने मृत एवं घायल लोगों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की। जल्द स्वस्थ होने की कामना की l अच्छे उपचार के लिए घायलों के परिवार से जय श्रीराम समिति के पदधारी संपर्क बनाए हुए हैं।
