दस साल से आत्मसमर्पण नीति के तहत जमीन का लाभ नहीं मिल पा रहा था, जनता दरबार में लौटी परिवार की मुस्कान

न्यूज़
Spread the love


परिवार बोला- डीसी साहब का बहुत बढ़िया मदद मिला

वर्षों से लंबित सक्सेशन म्यूटेशन मिनटों में हुआ पूरा

उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री का संदेश- कोई भी उचित फरियाद अनसुनी नहीं जायेगी

जनता दरबार आमजनों के लिए प्रशासन तक सीधी पहुंच का सबसे प्रभावी माध्यम-उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री



दस साल पहले ‘नई दिशा’ के तहत त्रिलोचन सिंह ने आत्मसर्मपण किया था। आत्मसमर्पण नीति के तहत सरकार की ओर से चार डिसिमल जमीन उपलब्ध करायी गयी, लेकिन आज तक त्रिलोचन सिंह का परिवार जमीन पर कोई कार्य नहीं करा पाया था। जनता दरबार में अपनी फरियाद लगाने के बाद त्रिलोचन के भाई और उनकी पत्नी जब उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री के कार्यालय कक्ष से बाहर निकले तो चेहरे पर बड़ी मुस्कान थी। दोनों ने कहा डीसी साहब का बहुत बढ़िया मदद मिला। आवदेन पढ़ते ही उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा संबंधित सीओ को फोन लगाया गया और निर्देश दिया गया कि उक्त परिवार को दूसरी जगह भूमि उपलब्ध करायी जाये। उन्होंने कौशल सिंह मुण्डा और ठाकुदमुनी देवी को मंगलवार को जनता दरबार में सीओ से मुलाकात करने को भी कहा।

*वर्षों से लंबित सक्सेशन म्यूटेशन मिनटों में हुआ पूरा*

प्रमाण…कहां हो?… ठीक है… अभी राकेश कुमार चौधरी सक्सेसन म्यूटेशन का मामला लेकर आपके पास आयेंगे, फौरन इनका म्यूटेशन करिये। शिकायत मिली है कि इन्हें बार-बार अंचल कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं… अपने कार्यालय की छवि खराब मत होने दीजिये। सीओ शहर को फोन पर उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री के इस निर्देश के बाद कुछ ही मिनटों में आवेदक द्वारा बताया जाता है कि उनका म्यूटेशन हो गया है। आवेदक द्वारा उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री को धन्यवाद दिया।

कांके थाना क्षेत्र में मारपीट के बाद एफआईआर दर्ज होने के बाद भी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने की शिकायत लेकर पीड़ित जनता दरबार पहुंचा। 28.08.25 को होचर बस्ती में चार-पांच अपराधियों द्वारा अहमद रजा के साथ मारपीट और छिनतई की गयी थी। उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा मामले में वरीय पुलिस अधीक्षक से पत्राचार कर आवश्यक कार्रवाई किये जाने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री के जनता दरबार में भारी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। फरियादियों ने राजस्व संबंधी, जमीन विवाद, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, पेंशन, शिक्षा, पुल निर्माण एवं अन्य समस्याओं से संबंधित आवेदन दिए। देर शाम तक उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि जनता दरबार आमजनों के लिए प्रशासन तक सीधी पहुंच का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता दरबार में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का निस्तारण प्राथमिकता और पारदर्शिता के साथ किया जाए। प्रशासन का उद्देश्य है कि किसी भी उचित फरियाद को अनसुना न किया जाए और जिला प्रशासन की छवि आमजन के बीच विश्वास की हो। रांची जिला प्रशासन जनता दरबार के माध्यम से लगातार यह प्रयास कर रहा है कि कोई भी नागरिक अपनी समस्या के समाधान से वंचित न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *