जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष चुनाव:
जनता की ताकत से ही वास्तविक बदलाव संभव: हिदायतुल्लाह खान
जुगसलाई के विकास और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता हमारी प्राथमिकता: नौशीन खान
जमशेदपुर/जुगसलाई: जुगसलाई नगर परिषद के अध्यक्ष पद के लिए चल रहे चुनाव प्रचार के अंतिम दिन अध्यक्ष पद की उम्मीदवार नौशीन खान द्वारा आज एक भव्य और ऐतिहासिक रोड शो का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के हजारों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जनता के जोश और अपार समर्थन ने इस रोड शो को एक यादगार राजनीतिक आयोजन बना दिया। यह रोड शो सुबह 10 बजे जुगसलाई ईदगाह मैदान से शुरू होकर विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए शाम लगभग 4 बजे पुनः ईदगाह मैदान में समाप्त हुआ। इस रोड शो को “तिरंगा यात्रा” नाम दिया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान लोग तिरंगा लहराते हुए नजर आए। आज का यह रोड शो केवल एक चुनावी रैली नहीं, बल्कि देशभक्ति का संदेश भी देता दिखाई दिया।
पूरे मार्ग में जगह-जगह लोगों ने नौशीन खान का जोरदार स्वागत किया, फूलों की वर्षा की गई और नारों से वातावरण गूंज उठा। रोड शो जुगसलाई ईदगाह मैदान से शुरू होकर एच.के. टावर्स, गौरी शंकर रोड, रेलवे फाटक चौक बाजार, बाटा चौक, घोड़ा चौक, प्रदीप मिश्रा चौक, सुनील महतो प्रतिमा स्थल, काली मंदिर, नगर पालिका, गोशाला टॉकीज, नया बाजार, गद्दी मोहल्ला, हकीम शाह (बाबा मजार), ए.एम. रोड, सेवा सदन, शिवा घाट, इस्लाम नगर, महतो पाड़ा रोड, सुरती चौक, पुरानी बस्ती रोड, गरीब नवाज मस्जिद होते हुए पुनः जुगसलाई ईदगाह मैदान में समाप्त हुआ।
इस अवसर पर झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि आज हम “तिरंगा यात्रा” निकाल रहे हैं। हमारे देश की आन, बान और शान तिरंगा है, और उसी के साथ हमने यह रोड शो शुरू किया है। उन्होंने कहा कि हम नफरत के बदले प्रेम का संदेश देंगे और विभाजन के बजाय तिरंगे की एकता को आगे बढ़ाएंगे।
उन्होंने आगे कहा कि जुगसलाई के विकास, मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए एक मजबूत, ईमानदार और सक्षम नेतृत्व की आवश्यकता है। नौशीन खान इस जिम्मेदारी को निभाने में पूरी तरह सक्षम हैं और उनके पास क्षेत्र के विकास के लिए स्पष्ट दृष्टिकोण है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे उन्हें भारी मतों से विजयी बनाएं, ताकि जुगसलाई को एक नई पहचान मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि यह चुनाव केवल एक पद का नहीं, बल्कि जुगसलाई के उज्ज्वल भविष्य का निर्णय है, और वास्तविक परिवर्तन केवल जनता की शक्ति से ही संभव है।
वहीं, नौशीन खान ने भी जनता को संबोधित करते हुए कहा, “आप सभी का प्रेम, विश्वास और समर्थन मुझे और अधिक प्रेरणा देता है। मैं वादा करती हूं कि जुगसलाई के विकास, स्वच्छता, बेहतर सड़कों, पानी और मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। मैं हर गली और हर मोहल्ले की आवाज बनकर काम करूंगी और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए दिन-रात मेहनत करूंगी।”
उन्होंने आगे कहा कि यह रोड शो जनता की ताकत का प्रतीक है। उन्होंने सभी का हृदय से आभार व्यक्त किया और आशा जताई कि आगामी चुनाव में भी जनता इसी तरह उनका साथ देगी तथा क्रम संख्या-5 ‘बेंच’ चुनाव चिन्ह पर मुहर लगाकर उन्हें विजयी बनाएगी।
राजनीतिक हलकों में इस रोड शो को अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस भारी जनसमर्थन ने चुनावी अभियान को नई दिशा दी है और इसका प्रभाव आगामी परिणामों पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे सकता है। जनता के उत्साह और कार्यकर्ताओं की सक्रियता ने पूरे क्षेत्र में चुनावी माहौल को और अधिक गर्म कर दिया है।
