उम्मीद सेतु फाउंडेशन ने आयोजित किया स्वास्थ्य जागरूकता शिविर

न्यूज़
Spread the love



रांची।
उम्मीद सेतु फाउंडेशन द्वारा मछुआ टोली, जगन्नाथपुर, धुर्वा, रांची में एक स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर फाउंडेशन के संस्थापक श्री मुकेश पांडेय ने उपस्थित लोगों को कैंसर के प्रति जागरूक करते हुए उसके प्रारंभिक लक्षणों, समय पर पहचान एवं सही उपचार के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि “सही जानकारी ही भय और भ्रम को उम्मीद में बदल सकती है।”
श्री पांडेय ने बताया कि फाउंडेशन का उद्देश्य केवल कैंसर जागरूकता तक सीमित नहीं है, बल्कि कैंसर मरीजों और उनके परिवारों को सही उपचार के लिए मार्गदर्शन देना, सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराना, तथा उपचार के कठिन दौर से गुजर रहे परिवारों को भावनात्मक संबल, उम्मीद और विश्वास प्रदान करना भी है।
कार्यक्रम की निदेशक (Program Director) श्रीमती रेणु सिंह ने टीबी (क्षय रोग) के लक्षणों, समय पर जांच की आवश्यकता तथा सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध निःशुल्क जांच एवं इलाज की प्रक्रिया को सरल और व्यावहारिक भाषा में समझाया, ताकि आमजन इन सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठा सकें।
इस अवसर पर श्रीमती सुनीता तिवारी भी उपस्थित रहीं और कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
उल्लेखनीय है कि उम्मीद सेतु फाउंडेशन एक सामाजिक संस्था है, जो स्वास्थ्य जागरूकता के साथ-साथ कैंसर रोगियों एवं उनके परिवारों को सहयोग देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। फाउंडेशन के संस्थापक श्री मुकेश पांडेय स्वयं स्टेज–4 कैंसर से संघर्ष कर चुके हैं और उसी अनुभव से प्रेरित होकर उन्होंने समाज सेवा को अपना जीवन संकल्प बनाया है।
संस्था का विज़न आने वाले 2 से 5 वर्षों में “उम्मीद मित्र” परिवार बनाकर पूरे भारत स्तर पर सेवा, संवेदना और सही स्वास्थ्य जानकारी को एक सशक्त जन-आंदोलन का रूप देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *